खरगोन से आशीष गुप्ता की रिपोर्ट
खरगोन। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 25वें कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या वीर शहीदों का स्मरण कर विभिन्न कार्यक्रम किए गए। जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर की उपस्थिति में कारगिल के अमर शहीद लांस नायक राजेंद्र यादव के घुघरियाखेड़ी स्थित स्मारक पर 25 घंटे की अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। इसी प्रकार खरगोन नगर में भव्य मशाल रैली निकालकर व वीर शहीदों का स्मरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया गुरुवार को कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या कार्यकर्ता व पदाधिकारी जिला मुख्यालय से 16 किमी दूर कारगिल के यौद्धा वीर शहीद लांस नायक राजेंद्र यादव के स्मारक स्थल पहुंचे। जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीतसिंह डंडीर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रवींद्र वर्मा, गोगावां मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव, खरगोन नगर मंडल अध्यक्ष रणजीतसिंह रघुवंशी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीतेश जाधम आदि ने अमर शहीद राजेंद्र यादव की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर 25 घंटे की अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की। जिलाध्यक्ष श्री राठौर ने लांस नायक राजेंद्र यादव के अमर बलिदान को याद किया। शाम को भाजयुमो द्वारा नगर के राधावल्लभ मार्केट स्थित फव्वारा चौक से मशाल रैली निकाली गई जो नगर के विभिन्न स्थानों से होकर खंडवा रोड स्थित भगतसिंह चौराहा पहुंची। भारत माता की जय…, वंदे मातरम्…, वीर शहीदों का बलिदान…, याद करेगा हिंदुस्तान…, जब तक सूरज चांद रहेगा…, राजेंद्र यादव का नाम रहेगा…, आदि नारे लगाए।